श्री रुद्र चंडी महायज्ञ कलश यात्रा के साथ शुरू

श्री बंशीधर नगर : शहर के राजा पहाड़ी पर आयोजित श्री रुद्र चंडी महायज्ञ शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हो गया। कलश यात्रा का शुभारंभ राजा पहाड़ी से किया गया। झरिवा नदी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। तत्पश्चात गाजे बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में शामिल महिला पुरुष श्रद्धालु सर पर कलश लेकर शहर के मेन रोड होते हुये श्री बंशीधर मंदिर पहुंचे।

जहां मंदिर की परिक्रमा और पूजन अर्चन के बाद वापस यज्ञ स्थल पहुंचकर यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित किया गया। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिये यज्ञ समिति के सदस्यों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी लगे हुये थे। कलश यात्रा के आगे आगे रथ पर महाशक्ति पीठ विंध्याचल से आये स्वामी सत्येंद्रानंद जी महराज सवार थे।

उनके ही सानिध्य में यज्ञ का संचालन हो रहा है। यज्ञ में मुख्य यजमान की भूमिका में डॉ संतोष कुमार हैं। कलश यात्रा में पूर्व विधायक अनंत प्रताप देव, पलामू के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार सिंह, झामुमो के अनुमंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, यज्ञ समिति के अध्यक्ष सौरभ पांडेय, सचिव नंदलाल प्रसाद, अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष गोपाल पाठक, कोषाध्यक्ष दिलीप शर्मा, उपसचिव शिवम कुमार, वीरेंद्र अग्रहरि, विनय प्रसाद, शशि कुमार, कमलेश मेहता, विश्वनाथ पाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

पांच दिनों तक चलेगा यज्ञ

राजा पहाड़ी पर आयोजित श्री रुद्र चंडी महायज्ञ पांच दिनों तक चलेगा। इसकी जानकारी देते हुये यज्ञ समिति के अध्यक्ष सौरभ पांडेय ने बताया कि यज्ञ की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। यज्ञ विंध्याचल धाम से आये स्वामी सत्येंद्रानंद जी महराज के सानिध्य में यज्ञ का आयोजन हो रहा है। कलश यात्रा के साथ शुरू हुये यज्ञ का समापन 20 नवंबर को होगा।

समापन के दिन समष्टि भंडारा होगा। यज्ञ के दौरान प्रत्येक दिन शाम 3 से 7 बजे तक विभिन्न स्थानों से आये महान संतों का प्रवचन होगा। उन्होंने बताया कि यज्ञ समिति के सदस्यों के बीच अलग अलग कार्यों के लिये दायित्वों का बंटवारा कर दिया गया है। उन्होंने सभी धर्म प्रेमियों से यज्ञ को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form